छत्तीसगढ़

चुप रहने वाली दीदी बनीं गांव की आवाज

The quiet sister became the voice of the village

अचार के कारोबार से बनीं लखपति दीदी, सालाना कमा रहीं करीब 1.30 लाख रुपये

बिहान योजना से मिला आर्थिक संबल, अब आजीविका के साथ समाज सेवा में भी सक्रिय

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बिहान योजना के माध्यम से आजीविका के अवसर उपलब्ध करा रहा है। योजना से जुड़कर महिलाएं स्वरोजगार अपना रही हैं और गांवों में बदलाव की अगुवाई भी कर रही हैं। फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पेटामारा (अंकिरा) की श्रीमती नीलम अवस्थी इसकी प्रेरक मिसाल हैं।

कभी लोगों के सामने अपनी बात रखने में झिझकने वाली नीलम आज गांव की बैठकों में बेबाकी से अपनी बात रखती हैं। अचार निर्माण के कारोबार के साथ वे स्कूल में मध्यान्ह भोजन संचालन की जिम्मेदारी निभा रही हैं और नशामुक्ति अभियान के जरिए ग्रामीणों को जागरूक भी कर रही हैं। नीलम के जीवन में बदलाव की शुरुआत जनवरी 2019 में हुई, जब वे बिहान योजना के तहत रोहिणी स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं और समूह की सचिव बनीं। समूह की बैठकों और गतिविधियों में भागीदारी के साथ उन्होंने बचत, ऋण, हिसाब-किताब और आजीविका संबंधी प्रशिक्षण से नई जानकारी हासिल की। समूह की महिलाओं के साथ मिलकर काम करने से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा।

समूह से मिली सहायता से आगे बढ़ाया अचार का कारोबार

स्वयं सहायता समूह के माध्यम से नीलम को बैंक लिंकेज के तहत 30 हजार रुपये और सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के रूप में 1 लाख 60 हजार रुपये की सहायता मिली। उन्होंने इस राशि से अचार निर्माण के कारोबार को आगे बढ़ाया। आम, अदरक, लहसुन और करेला सहित कई तरह के अचार तैयार कर उन्होंने अपनी पहचान बनाई। उनके उत्पादों को पसंद किए जाने के साथ मांग भी बढ़ने लगी।

स्कूल में मध्यान्ह भोजन संचालन के कार्य से उन्हें नियमित आमदनी होती है। इन गतिविधियों के माध्यम से नीलम सालाना लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। मेहनत और आत्मनिर्भरता से उन्होंने गांव में लखपति दीदी के रूप में पहचान बनाई है।

आत्मविश्वास के साथ समाज सेवा में भी आगे

विधानसभा भ्रमण के अवसर ने नीलम के अनुभव और सोच को नई दिशा दी। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें अपनी क्षमताओं पर भरोसा हुआ। आज वे नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर ग्रामीणों को जागरूक करती हैं। छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों की मदद करने में भी वे आगे रहती हैं। नीलम की सक्रियता से गांव की अन्य महिलाएं भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने और आजीविका गतिविधियां शुरू करने के लिए प्रेरित हो रही हैं। उनका मानना है कि महिलाएं एकजुट होकर आगे बढ़ें, तो सफलता की राह आसान हो जाती है। वे अन्य महिलाओं को समूह से जुड़ने, बचत करने, प्रशिक्षण लेने और स्वरोजगार अपनाने की सलाह देती हैं।

नीलम अवस्थी की कहानी बताती है कि सही मार्गदर्शन, सामूहिक प्रयास और दृढ़ इच्छाशक्ति से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ सामाजिक बदलाव की अगुवाई भी कर सकती हैं। कभी अपनी बात कहने में झिझकने वाली नीलम आज गांव की आवाज और अनेक महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button