छत्तीसगढ़

किसानों के द्वार तक पहुँची धान खरीदी की सुविधा, धमतरी में 8 नए उपार्जन केंद्रों से ग्रामीण अंचलों में खुशी की लहर

Paddy procurement facility reaches farmers' doorsteps; 8 new procurement centers in Dhamtari spark a wave of joy in rural areas.

धमतरी जिले में धान उपार्जन केंद्र 100 से बढ़कर 108 हुए

अटंग के किसानों को अब नहीं जाना पड़ेगा 8 से 9 किलोमीटर दूर, टांगापानी क्षेत्र के लगभग 850 किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

नए केंद्रों में पहले दिन उत्साह के साथ पहुँचे किसान, समय, श्रम और परिवहन खर्च की होगी बचत

रायपुर।  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की सुविधाओं के विस्तार और उनकी मेहनत की उपज का सुगमतापूर्वक विक्रय सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धमतरी जिले के किसानों को बड़ी सौगात मिली है। जिले में आठ नए धान उपार्जन केंद्रों की शुरुआत होने से अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही नए उपार्जन केंद्रों में किसानों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।

धमतरी जिले में  भुसरेंगा, अटंग, सिलघट, सिलौटी, सिंधोरीखुर्द, बुड़ेनी, राजपुर और टांगापानी में आठ नए उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इससे धान खरीदी केंद्रों की संख्या 100 से बढ़कर 108 हो गई है। इस निर्णय से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण अंचलों के छोटे एवं सीमांत किसानों को लाभ मिलेगा। अब किसानों को धान परिवहन में होने वाले अतिरिक्त खर्च, समय और अनावश्यक मेहनत से राहत मिलेगी।

’अटंग में नए केंद्र का शुभारंभ, किसानों का मुँह मीठा कर साझा की खुशी’

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा ने नवीन धान उपार्जन केंद्र अटंग का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा किसानों को केक खिलाकर उनकी खुशी में सहभागिता की। अटंग में उपार्जन केंद्र प्रारंभ होने से आसपास के किसानों की वर्षों पुरानी व्यावहारिक परेशानी दूर हुई है। पहले ग्राम भालुकोंना के किसानों को लगभग 9 किलोमीटर और अटंग के किसानों को लगभग 8 किलोमीटर दूर भाठागांव उपार्जन केंद्र तक धान ले जाना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर खरीदी की सुविधा मिलने से किसानों का परिवहन व्यय घटेगा और उन्हें अपनी उपज बेचने में अधिक सहूलियत होगी।

’टांगापानी के 8 से 9 गांवों के लगभग 850 किसानों को मिली सौगात’

धमतरी जिले के दूरस्थ टांगापानी क्षेत्र में नए धान उपार्जन केंद्र की शुरुआत किसानों के लिए विशेष राहत लेकर आई है। लंबे समय से स्थानीय स्तर पर खरीदी केंद्र की मांग कर रहे किसानों को अब अपने गांव के समीप ही धान बेचने की सुविधा उपलब्ध हो गई है। पहले टांगापानी और आसपास के 8 से 9 गांवों के किसानों को अपनी उपज लेकर सेमरा (सिहावा) उपार्जन केंद्र जाना पड़ता था। इससे किसानों को अतिरिक्त परिवहन खर्च और समय की समस्या का सामना करना पड़ता था। नए केंद्र से क्षेत्र के लगभग 850 किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही पहले लगभग 1,400 किसानों का भार वहन करने वाले  सेमरा केंद्र में भी भीड़ कम होने से खरीदी व्यवस्था अधिक सुगम होगी।

’पहले ही दिन 58 क्विंटल धान की खरीदी, किसानों में दिखा उत्साह’

टांगापानी के नवीन उपार्जन केंद्र में पहले ही दिन किसानों ने उत्साहपूर्वक धान का विक्रय किया। ग्राम खड़पथरा के किसान श्री मोतीराम ध्रुव, पिता श्री रामभुवन ने 40 क्विंटल तथा श्री धर्मेंद्र कुमार निषाद, पिता श्री प्यारीलाल निषाद ने 18 क्विंटल धान बेचा। इस प्रकार पहले दिन दो किसानों से कुल 58 क्विंटल धान की खरीदी हुई।  किसानों ने नए उपार्जन केंद्र की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे परिवहन खर्च कम होने के साथ ही समय की बचत होगी और खेती-किसानी के अन्य कार्यों के लिए भी पर्याप्त समय मिल सकेगा।

’धमतरी जिले के 1.31 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों के लिए व्यापक व्यवस्था’

धमतरी जिले में इस वर्ष कुल 1 लाख 31 हजार 491 किसानों का पंजीयन किया गया है, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 1 लाख 22 हजार 58 हेक्टेयर है। सभी 108 उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, नमी मापक यंत्र, तौल उपकरण, बारदाना, विद्युत तथा धान के सुरक्षित भंडारण जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सुगमतापूर्वक विक्रय करने की सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। नए उपार्जन केंद्रों की स्थापना से किसानों को अपने गांव के नजदीक ही धान बेचने का अवसर मिलेगा। सभी केंद्रों में किसानों की सुविधा और व्यवस्थित खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

’गांव के करीब खरीदी केंद्र, किसानों की आर्थिक बचत को मिलेगा बढ़ावा’

नए धान उपार्जन केंद्रों की स्थापना केवल प्रशासनिक सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि किसानों की रोजमर्रा की कठिनाइयों को दूर करने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को धान परिवहन के लिए कम दूरी तय करनी पड़ेगी, वाहनों पर होने वाला खर्च घटेगा और उपार्जन केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ से भी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उठाया गया यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि उपज के विपणन को अधिक सुलभ बनाने के साथ किसानों की आर्थिक बचत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Related Articles

Back to top button