छत्तीसगढ़

बस्तर ओलंपिक में बच्चों को गोद में लेकर मैदान पर उतरीं महिलाएं

Women entered the field at the Bastar Olympics carrying their children in their arms.

पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों से बढ़ी ग्रामीणों की भागीदारी, छिंदगढ़ में दिखा खेल उत्सव का माहौल

रायपुर। बस्तर अंचल के पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में खेलों को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसकी जीवंत तस्वीर छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026-27 की क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताओं में सामने आई। यहां ग्रामीण महिलाएं अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर खेल के मैदान में पहुंचीं और कबड्डी तथा रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। युवाओं के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन को एक सच्चे ग्रामीण खेल उत्सव का रूप दे रही है।

बदलाव और प्रतिभा को मिल रहा नया मंच

हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित बस्तर ओलंपिक में दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों के खिलाड़ी भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। कभी पहुंच विहीन और नक्सल प्रभावित रहे ग्राम पंचायत डब्बा से कबड्डी खेलने पहुंचीं श्रीमती दीपिका मुचाकी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामुदायिक गतिविधियों से जुड़ाव बढ़ता है और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सशक्त मंच मिलता है।

कई खेलों में जूनियर और सीनियर वर्ग की स्पर्धाएं

प्रतियोगिता में युवाओं के अलावा अन्य आयु वर्ग के खिलाड़ी भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे ग्रामीण अंचल की छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है। बस्तर ओलंपिक के अंतर्गत जूनियर और सीनियर वर्ग के लिए एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

क्लस्टर से जिला स्तर तक ऐसा रहेगा आयोजन कार्यक्रम

सुकमा जिले में 16 से 19 नवंबर तक क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय मुकाबले होंगे, जबकि 26 और 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम तथा पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं खेली जाएंगी। बस्तर ओलंपिक के माध्यम से पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को खेलों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाने और सामुदायिक गतिविधियों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button