छत्तीसगढ़

सोशल मीडिया पर वायरल डिप्टी सीएम अरुण साव के पारिवारिक कार्यक्रम का बिल निकला फर्जी

The bill for Deputy CM Arun Sao's family function, which went viral on social media, turned out to be fake.

PWD ने तथ्य जारी कर फैलाए गए भ्रम की खोली पोल, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई

रायपुर। सोशल मीडिया पर उप मुख्यमंत्री सह लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के परिवारिक कार्यक्रम का बिल PWD द्वारा भुगतान किए जाने का दावा पूरी तरह झूठा और भ्रामक पाया गया है। लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि उप मुख्यमंत्री या किसी भी निजी कार्यक्रम के लिए विभाग ने एक रुपये तक का भुगतान नहीं किया है।

विभाग की ओर से कहा गया कि आरटीआई के तहत जारी अधिकृत दस्तावेजों में भी ऐसा कोई बिल नहीं है, जो सोशल मीडिया में फैलाए जा रहे फर्जी बिलों से मेल खाता हो। विभाग ने साफ किया कि इन बिलों से विभाग का कोई संबंध नहीं और यह पूरी तरह अफवाह है।

कार्यपालन अभियंता ने बताई वस्तुस्थिति

लोक निर्माण विभाग, बेमेतरा संभाग के कार्यपालन अभियंता डी.के. चंदेल ने बताया कि आरटीआई आवेदक अब्दुल वाहिद रवानी को जो जानकारी 28 अगस्त 2025 को उपलब्ध कराई गई थी, उसमें केवल शासकीय कार्यक्रमों में लगाए गए टेंट, पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं के भुगतान की जानकारी दी गई है।
इस आरटीआई में गुरु नानक टेंट हाउस, गुरुदेव टेंट हाउस, खालसा टेंट केटरिंग एवं लाइट को किए गए कुल 3.97 करोड़ रुपये के भुगतान का विवरण शामिल है, जो मुख्यमंत्री और मंत्रीस्तरीय कार्यक्रमों से संबंधित है, न कि किसी निजी आयोजन से।

भुगतान का वास्तविक ब्यौरा

शासकीय कार्यक्रमों में हुए विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार निम्न कार्यक्रमों में व्यवस्था हेतु भुगतान किया गया

  • 19–21 दिसंबर 2024, नवागढ़: मुख्यमंत्री कार्यक्रम के लिए 1,76,30,694 रुपये
  • 25 जनवरी 2024, जूनी सरोवर: मुख्यमंत्री कार्यक्रम के लिए 71,16,646 रुपये
  • 4 जुलाई 2024, अंधियारखोर: मंत्री कार्यक्रम हेतु 17,99,088 रुपये
  • 24 फरवरी 2024, मंडी परिसर: विकसित भारत कार्यक्रम हेतु 11,88,084 रुपये
  • 14 जनवरी 2025, संबलपुर: मंत्री कार्यक्रम हेतु 10,11,450 रुपये
  • विभिन्न दिवसीय कार्यक्रमों में लाइटिंग, साउंड, एलईडी आदि के लिए 33,29,310 रुपये
  • 24 फरवरी 2024, नवागढ़ बस स्टैंड: 14,13,957 रुपये
  • न्यायालयीन परिसर उद्घाटन वर्चुअल कार्यक्रम: 14,24,071 रुपये
  • 14 जनवरी 2025, दाढ़ी: मंत्री कार्यक्रम हेतु 3,67,552 रुपये
  • 26 जनवरी 2025, गणतंत्र दिवस कार्यक्रम: 14,21,302 रुपये
  • 5 नवंबर 2024, राज्योत्सव कार्यक्रम: 13,39,689 रुपये
  • 15 अगस्त 2024, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम: 16,77,024 रुपये

निजी कार्यक्रम का भुगतान होने का दावा झूठा

यह सभी भुगतान पूर्णतः शासकीय प्रयोजन के हैं। माप पुस्तिका, देयक प्रतियां, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी सहित सभी रिकॉर्ड कार्यालय में उपलब्ध हैं। भुगतान पूर्व उप अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक माप व सत्यापन की प्रक्रिया भी की गई है।

लोक निर्माण विभाग ने दो टूक कहा कि 9 अगस्त 2024 सहित किसी भी तारीख को उप मुख्यमंत्री या उनके परिवार के किसी निजी कार्यक्रम का कोई भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button