घर में घुसकर नाबालिग पर कुल्हाड़ी से हमला, सिर पर आए 27 टांके; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
A minor was attacked with an axe after entering his home, receiving 27 stitches on his head; hospitalized in critical condition.

पेंड्रा : मरवाही थाना क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम उसाढ़ के डोंगराटोला में मंगलवार की देर रात घर में घुसकर एक अज्ञात हमलावर ने नाबालिग छात्रा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस जुर्म दर्ज कर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार घटना के समय नाबालिग छात्रा नीतू पाव अपने कमरे में सो रही थी, जबकि उसके स्वजन दूसरे कमरे में थे। अचानक बच्ची की चीख सुनकर स्वजन दौड़े और कमरे में घुसते ही बच्ची को खून से लथपथ हालत में देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आनन फानन में उसे नजदीकी मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर हालात देखने के बाद उसे जिला अस्पताल रिफर किया गया।




