छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनने वालों का भाजपा में लगातार बढ़ा कद

Those who became in-charge of Chhattisgarh have steadily increased in stature in the BJP.

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी व बिहार के कद्दावर नेता और मंत्री नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर पार्टी ने बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार, यह फैसला पार्टी में परफॉर्मर को इनाम देने के भाजपा के स्पष्ट संदेश को दर्शाता है।

नवीन की यह नियुक्ति उनके राजनीतिक करियर का एक महत्वपूर्ण मोड़ है, जिसका सीधा श्रेय छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली शानदार जीत को जाता है। 2023 के विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी थे और उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार को उखाड़ फेंकने में बूथ स्तर तक भाजपा के पक्ष में माहौल निर्मित करने का काम किया।

उनकी रणनीति ने बूथ स्तर के प्रबंधन, संगठन विस्तार और चुनावी तालमेल पर खास ध्यान केंद्रित किया, जिसके परिणाम स्वरूप पार्टी को छत्तीसगढ़ में बड़ी और निर्णायक जीत मिली। 90 सीट वाली विधानसभा में भाजपा ने 54 सीटें जीतीं, कांग्रेस को 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को एक सीट मिली।

उस समय भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर थे। इसके बाद 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में नितिन नवीन प्रदेश के प्रभारी रहे और प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों में से 10 सीटों पर भाजपा को जीत मिली।

कार्यकर्ताओं के अनुसार, नवीन भाजपा के सबसे युवा कार्यकारी अध्यक्षों में से एक हैं, जो पार्टी में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने के भाजपा के दृष्टिकोण को रेखांकित करता है। वे बिहार के बांकीपुर सीट से पांच बार के विधायक और बिहार सरकार में कई बार मंत्री रह चुके हैं। उनकी पृष्ठभूमि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की रही है और उन्होंने युवा मोर्चा के लिए भी बड़े स्तर पर काम किया है।

उनके पिता भी भाजपा नेता रहे हैं, जिससे उन्हें राजनीति विरासत में मिली है, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और प्रदर्शन से पार्टी के सबसे ताकतवर पदों में से एक तक का सफर तय किया है।

प्रदेश में इसके पहले जेपी नड्डा भाजपा के प्रभारी हुआ करते थे। उन्हें सीधे अध्यक्ष बनाया गया था। इसी तरह प्रदेश प्रभारी ओम माथुर को अभी सिक्किम के राज्यपाल की जिम्मेदारी मिली है। इधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नितिन नवीन को बधाई देते हुए कहा है कि प्रदेश प्रभारी के रूप में आपके कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और अथक परिश्रम के परिणाम स्वरूप छत्तीसगढ़ में विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई। आपकी संगठनात्मक क्षमता, सुदृढ़ रणनीति और आत्मीय जनसंपर्क ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और गहरा विश्वास पैदा किया है, जो आपके नेतृत्व की स्पष्ट पहचान है।

Related Articles

Back to top button