विदेश

ऑपरेशन सिंदूर पर डोनल्ड ट्रंप ने किया बड़ा दावा

Donald Trump made a big claim on Operation Sindoor

नई दिल्ली । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच कथित संघर्ष को रोकने का श्रेय लेते हुए बड़ा दावा किया है। बुधवार को अमेरिकी सांसदों को ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ (State of the Union) संबोधन के दौरान ट्रंप ने कहा कि उनके समय पर किए गए हस्तक्षेप की वजह से दोनों दक्षिण एशियाई पड़ोसियों के बीच एक संभावित परमाणु युद्ध टल गया।

ट्रंप ने अपने संबोधन में स्थिति की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि यदि वे बीच में न पड़ते, तो भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध छिड़ सकता था। उन्होंने दावा किया कि इस भयावह युद्ध में कम से कम 3.5 करोड़ लोगों की जान जा सकती थी। ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खुद उनसे बातचीत में इस खतरे की पुष्टि की थी।

पिछले सप्ताह ‘बोर्ड ऑफ पीस’ कार्यक्रम में भी ट्रंप ने मई 2025 के कथित भारत-पाक संघर्ष का जिक्र किया था। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि वे अपने आपसी विवाद नहीं सुलझाते हैं, तो अमेरिका उनके साथ तमाम व्यापारिक बातचीत रोक देगा। ट्रंप के अनुसार, इसी दबाव के कारण दोनों पक्ष पीछे हटने को तैयार हुए।

दिलचस्प बात यह है कि पिछले कुछ महीनों में डोनल्ड ट्रंप 80 से अधिक बार यह दावा कर चुके हैं कि वे ही भारत-पाकिस्तान संघर्ष को रोकने वाले एकमात्र व्यक्ति थे। हालांकि, उनके बयानों में अक्सर विरोधाभास भी देखा गया है। उन्होंने अलग-अलग मौकों पर संघर्ष के दौरान गिराए गए लड़ाकू विमानों की संख्या भी अलग-अलग बताई है, और कभी यह स्पष्ट नहीं किया कि वे किस देश के विमानों की बात कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button