छत्तीसगढ़

रायपुर–बिलासपुर NH-130 पर भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रेलर की टक्कर में 5 की मौत

Horrific road accident on Raipur-Bilaspur NH-130: 5 killed in collision between bus and trailer

रायपुर: रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर सिमगा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा (CG Road Accident) हो गया। दरचुरा मोड़ के पास ट्रेलर ने एक यात्री बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और बस हाईवे से नीचे जाकर पलट गई। हादसे में पांच लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि दर्जनभर से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे में मरने वालों में दो पुरुष, दो बच्चे और एक महिला शामिल हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह लगभग सवा ग्यारह बजे हुआ। यात्री बस रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिमगा से लगभग 10 किलोमीटर आगे दामाखेड़ा मार्ग पर दरचुरा मोड़ के पास पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button