छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में सनसनी: भाजपा नेता के घर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश

Sensation in Chhattisgarh: Attempt to set BJP leader's house on fire by pouring petrol on it

गौरेला। मंगली बाजार क्षेत्र में मंगलवार देर रात आगजनी की घटना सामने आई। अज्ञात व्यक्ति ने भाजपा नेता और पेशे से वकील आशुतोष मिश्रा के घर के दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घर में धुआं फैलने से परिवार के लोग जाग गए और पानी डालकर आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

मंगली बाजार में रहने वाले भाजपा नेता एवं अधिवक्ता आशुतोष मिश्रा के घर के मुख्य दरवाजे पर देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्यों को घटना की भनक लगी। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया और जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया।

आग से घर का दरवाजा, चौखट और पर्दा जलकर खाक हो गया। घटना में भाजपा नेता और उनके परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। घर के लोगों ने बताया कि पास के ही कमरे में एक बाइक भी खड़ी थी। आग बाइक तक पहुंच जाती तो उसके पेट्रोल से आग फैलने का खतरा बढ़ सकता था।

घटना के बाद परिवार के लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसमें एक व्यक्ति पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दिया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं घर के चबूतरे में पत्थर के नीचे एक धमकी भरा पत्र मिलने की भी जानकारी सामने आई है।

आरोपी ने वकील आशुतोष मिश्रा के परिवार को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश क्यों की, इसका पता नहीं चल पाया है। गनीमत रही कि आग लगते ही घर के लोग जाग गए और तुरंत दरवाजे में लगी आग बुझा दी। समय रहते अगर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घर से उठती आग की लपटें और शोर सुनकर इलाके के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

Related Articles

Back to top button