समूह की ताकत से उषा श्रीवास बनीं ‘लखपति दीदी’
With the strength of the group, Usha Shrivas became 'Lakhpati Didi'

मोहभट्टा की धनेश्वरी को मिला आजीविका का मजबूत आधार
रायपुर । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम में प्रदेशभर से आई महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियां साझा कीं। इस कार्यक्रम में मुंगेली जिले की महिलाओं ने भी अपनी सफलता की कहानी सुनाकर सबको प्रेरित किया। विकासखंड पथरिया के चंदखुरी स्थित जय माँ शीतला स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती उषा श्रीवास ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने छोटे स्तर से आजीविका गतिविधि शुरू की। समूह के सहयोग, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता के बल पर उन्होंने अपने काम को आगे बढ़ाया और आज आर्थिक रूप से सशक्त बनकर ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचान बनाई है।
इसी तरह ग्राम पंचायत मोहभट्टा की श्रीमती धनेश्वरी साव ने भी अपनी प्रेरक यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आजीविका का मजबूत आधार मिला। लगातार मेहनत और समूह के सहयोग से उन्होंने अपनी आय बढ़ाई और आज वे अपने परिवार के साथ-साथ अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई लखपति दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सामूहिक प्रयास, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं के सहयोग से महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं।




