छत्तीसगढ़

ग्राम गिधली बसना हर घर जल ग्राम के रूप में प्रमाणित

Village Gidhli Basna certified as Har Ghar Jal Village

घर में पेयजल की सुविधा से समय का हो रहा बचत: रेखा भोई

रायपुर । जल जीवन मिशन के तहत राज्य सरकार प्रदेश के हर घर तक शुद्ध पेयजल पहूंचाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। यह योजना महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम गिधली में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना ने ग्रामीणों के जीवन में खुशहाली लाई है।

ग्रामीण बताते हैं कि गांव के लोगों की सुबह की दिनचर्या पानी की समस्या से शुरू होती थी। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए हैंडपंप और पावर पंप पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जब पानी के स्रोत सूखने लगते थे और लोगों को दूर-दूर तक पानी लाने के लिए जाना पड़ता था। इससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती थी, महिलाओं को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
परिस्थिति में बदलाव तब आया जब जल जीवन मिशन के तहत गांव में कार्य प्रारंभ हुआ। इस योजना के अंतर्गत लगभग 100.52 लाख रुपये की लागत से एक पानी टंकी का निर्माण किया गया और करीब 4644 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। जिससे गांव के 250 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए। पहले जहां गांव में 9 हैंडपंप और 5 पावर पंप ही जल का मुख्य स्रोत थे, वहीं अब सभी घरों तक सीधे स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। इस सफलता में ग्राम पंचायत के सरपंच श्री शोभित मांझी का नेतृत्व और ग्रामीणों का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा। इसी का परिणाम है कि 17 अप्रैल 2025 को ग्राम गिधली को हर घर जल ग्राम के रूप में प्रमाणित किया गया।

गांव की लाभार्थी श्रीमती रेखा भोई बताती हैं कि पहले उन्हें पानी भरने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और मेहनत दोनों अधिक लगते थे। लेकिन अब घर में नल कनेक्शन मिलने से उन्हें आसानी से स्वच्छ पानी उपलब्ध हो जाता है। इससे उनका समय बचता है, जिसे वे अब घर और अन्य उपयोगी कार्यों में लगा पाती हैं, जिससे समय सदुपयोग हो रहा है।

Related Articles

Back to top button