PLFS कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन
Successful organization of PLFS workshop and training program

रायपुर। आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा Periodic Labour Force Survey (PLFS) से संबंधित एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य में पहली बार यह सर्वेक्षण CAPI (Computer Assisted Personal Interview) प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। इस आधुनिक प्रणाली के उपयोग से राज्य में रोजगार एवं बेरोजगारी दर का अधिक सटीक आकलन संभव होगा, जिससे भविष्य की नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांख्यिकी सेवा अधिकारी, जोनल कार्यालय नागपुर के श्री राकेश चौरें उपस्थित रहे। वहीं फील्ड ऑपरेशन डिवीजन रायपुर के सांख्यिकी सेवा अधिकारी श्री जीतू राय ने रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यशाला का उद्देश्य PLFS सर्वेक्षण के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करना, डेटा संकलन की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा अन्वेषकों को आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था। प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को सर्वेक्षण प्रक्रिया, प्रश्नावली की विस्तृत जानकारी, डेटा एंट्री की विधि, फील्ड स्तर की चुनौतियों के समाधान तथा CAPI प्रणाली के उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।
संयुक्त संचालक श्री सुरेश कुमार बंजारे ने अपने उद्बोधन में PLFS सर्वेक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सर्वेक्षण देश में रोजगार एवं बेरोजगारी की वास्तविक स्थिति को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से पूर्ण ईमानदारी, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन उप संचालक श्री दिनेश कुमार तिवारी द्वारा किया गया। कार्यशाला में विभागीय अधिकारी, अन्वेषक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।




