सुशासन तिहार बना ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम: अनीता को मिला नया राशन कार्ड
Good Governance Festival brings relief to villagers: Anita receives a new ration card

जनसमस्या निवारण शिविर में त्वरित कार्रवाई से हाथों-हाथ हुआ राशन कार्ड जारी
गांव में ही समाधान मिलने से खुश ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जताया आभार
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। शासन की संवेदनशील पहल से अब ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि प्रशासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहा है।
सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लक्ष्मणगढ़ में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायत मरेया निवासी श्रीमती अनीता को नया राशन कार्ड प्रदान किया गया। उन्होंने शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही राशन कार्ड जारी कर दिया गया।
अनीता ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि पहले राशन कार्ड नहीं होने के कारण परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब शासन की खाद्यान्न योजना का लाभ नियमित रूप से मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी उनका काम हो जाएगा। गांव में ही समस्या का समाधान मिलने से वे बेहद संतुष्ट हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण सरल और सहज तरीके से हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके। इसी कड़ी में शिविर में अनीता सहित पांच ग्रामीणों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए।




