छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार में मिल रही है खुशियां : खीक बाई को मिला आयुष्मान कार्ड, अब 5 लाख रूपए तक निःशुल्क इलाज की मिलेगी सुविधा

Good governance brings happiness: Khik Bai receives Ayushman card, now gets free treatment up to Rs 5 lakh

रायपुर । सक्ति जिले में आयोजित सुशासन तिहार 2026 आम लोगों के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बनता जा रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है। ऐसा ही एक उदाहरण सक्ती विकासखंड के ग्राम पंचायत लहंगा में आयोजित समाधान शिविर में देखने को मिला, जहां ग्राम लहंगा निवासी श्रीमती खीक बाई गोंड का मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें सौंपा गया।

श्रीमती खीक बाई ने शिविर में पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल प्रक्रिया पूरी की और कुछ ही समय में उनका आयुष्मान कार्ड तैयार कर उन्हें प्रदान कर दिया। कार्ड मिलते ही उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। उन्होंने कहा कि अब बीमारी के समय इलाज के खर्च की चिंता नहीं रहेगी। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उन्हें और उनके परिवार को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत हितग्राहियों को सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस और पेपरलेस इलाज की सुविधा मिलती है। इस योजना में कैंसर, हृदय रोग, किडनी जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार भी शामिल है। परिवार के सदस्यों की संख्या पर किसी प्रकार की सीमा नहीं रखी गई है। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत लगाए जा रहे समाधान शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी आर्थिक परेशानियों से राहत मिल रही है।

Related Articles

Back to top button