बिलासपुर में MBA एडमिशन के नाम पर महिला से 3 लाख की साइबर ठगी
A woman was cyber-cheated of Rs 3 lakh in the name of MBA admission in Bilaspur.

बिलासपुर। एमबीए में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर एक महिला से तीन लाख रुपये की आनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से ठगी की बात कहते हुए पूरे मामले की जांच करने की मांग की है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन में की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन क्षेत्र के शिवम रेसिडेंसी, शांति नगर निवासी कैरोलीन मैरी ओकानर (51) ने सिविल लाइन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि रांची झारखंड निवासी अतुल्य अनुभव नामक युवक ने स्वयं को एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय का फैकल्टी सदस्य और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ा अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया था।
आरोपित ने फेसबुक पर दिए गए एक आकर्षक विज्ञापन के माध्यम से विश्वास में लिया और दावा किया कि वह उनके पुत्र एंड्रयू जूड ओकानर (23) का नई दिल्ली स्थित फैकल्टी आफफ मैनेजमेंट स्टडीज (एफएमएस) में एमबीए पाठ्यक्रम में प्रवेश करा सकता है। आरोपित ने महिला को बताया कि सामान्य प्रवेश प्रक्रिया काफी कठिन है, लेकिन उसके संपर्कों के माध्यम से प्रवेश संभव हो जाएगा।
इसके बाद आरोपी ने सीट सुरक्षित कराने, प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेज सत्यापन और प्रशासनिक स्वीकृति जैसे अलग-अलग कारण बताकर किस्तों में रकम मांगी। महिला ने अपने पुत्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आरोपी के बताए खातों में कुल तीन लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसमें दो लाख रुपये फोनपे के माध्यम से तथा एक लाख रुपये बैंक खाते से भेजे गए। शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी ने 11 मई 2026 को महिला को दिल्ली बुलाकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया था।
महिला अपने खर्च पर दिल्ली पहुंची, लेकिन वहां आरोपित न तो मिला और न ही उसके मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट सक्रिय मिले। इसके बाद महिला को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। पीड़िता ने पुलिस को फर्जी फेसबुक विज्ञापन, व्हाट्सएप चैट और भुगतान संबंधी स्क्रीनशाट भी सौंपे हैं। आवेदन में आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




