छत्तीसगढ़

रायगढ़ में कबाड़ दुकान में भीषण आग, कई किलोमीटर तक छाया काला धुआं

A massive fire broke out in a scrap shop in Raigarh, causing black smoke to spread for several kilometres.

रायगढ़। रायगढ़ में शनिवार दोपहर नेशनल हाईवे सारंगढ़–सरायपाली स्थित छातामुड़ा बाईपास रोड पर एक कबाड़ दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसमान में उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोग और राहगीर घबरा गए।

जानकारी के अनुसार, छातामुड़ा बाईपास स्थित हीरो मोटरसाइकिल शोरूम के पास मौजूद कबाड़ दुकान से दोपहर करीब पौने दो बजे धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैली आग

बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, कार्टून और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग लगते ही गोदाम में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी खुद को सुरक्षित बचाने के साथ आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।

स्थिति बिगड़ती देख पास स्थित हीरो शोरूम के कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। कर्मचारियों ने शोरूम और गोदाम में खड़ी मोटरसाइकिलों को तेजी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

स्थानीय लोगों ने भी किया मदद का प्रयास

घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी शुरुआती स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि आग लगातार बढ़ती रही और स्थिति गंभीर होती गई।

कई दमकल वाहन मौके पर पहुंचे

आग की सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए Jindal Steel and Power, Adani Power और NTPC लारा समेत अन्य संस्थानों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।

दर्जनों दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे रहे। वहीं पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर मौजूद रही। आग के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात की रफ्तार भी धीमी पड़ गई।

Related Articles

Back to top button