छत्तीसगढ़

राजनांदगांव जिला चिकित्सालय प्रदेश में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अग्रणी – विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

Rajnandgaon District Hospital is leading in providing excellent health facilities in the state - Assembly Speaker Dr. Raman Singh

6.42 करोड़ रुपए के स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयास सराहनीय, जिला चिकित्सालय को और सुविधाओं से किया जाएगा सुसज्जित

रायपुर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मजबूत अधोसंरचना विकसित की गई है। विधानसभा अध्यक्ष ने जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में स्वास्थ्य अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण के लिए 6 करोड़ 42 लाख 70 हजार रुपए की लागत से किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने 3 करोड़ 56 लाख 70 हजार रुपए की लागत से निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के प्लिंथ अपग्रेडेशन एवं ऊंचाई विस्तार कार्य का लोकार्पण तथा 2 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से बनने वाले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने राजनांदगांव जिला चिकित्सालय की अग्रणी भूमिका

जिला चिकित्सालय एवं शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने वाले मरीजों की सकारात्मक प्रतिक्रिया यह दर्शाती है कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सक्रियता और सजगता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राजनांदगांव जिला चिकित्सालय अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

जिला चिकित्सालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए जा रहे हैं

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाना स्वास्थ्य विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है। राजनांदगांव जिले में इस दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जिले की मातृ मृत्यु दर राज्य के औसत से कम होना एक सुखद संकेत है। उन्होंने जिला चिकित्सालय में छत मरम्मत, लिफ्ट सुधार कार्य, जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से दो स्त्री रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति, डेंटल एक्स-रे मशीन एवं सेपरेटर मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की घोषणा की। साथ ही राज्य बजट से अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।

अस्पताल के उन्नयन कार्यों से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी

सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि जिला चिकित्सालय अब नए स्वरूप और आधुनिक सुविधाओं के साथ जिलेवासियों को समर्पित हुआ है। उन्होंने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में आवश्यक उन्नयन कार्यों के पूर्ण होने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी 

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि जिला चिकित्सालय की टीम का दायित्व है कि वह समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा प्रदान करे। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह ने जिला चिकित्सालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है।

कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, समाजसेवी श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री गौतम पारख, जीवनदीप समिति के सदस्यगण, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. पंकज लुका, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button