छत्तीसगढ़

विश्व पर्यावरण दिवस पर गांवों में गूंजेगी हरित विकास की आवाज

On World Environment Day, the voice of green development will resonate in the villages.

कोरिया की सभी ग्राम पंचायतों में होगी ग्राम सभा

रायपुर । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इस बार कोरिया जिले के गांव पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संदेश देंगे। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जहां जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण और प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। इसके साथ ही ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले की दोनों जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने, प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के लिए ग्राम स्तर पर व्यापक जागरूकता आवश्यक है।
जिला प्रशासन की पहल के तहत ग्राम सभाओं में आगामी वर्षा ऋतु के दौरान अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों के रोपण पर चर्चा की जाएगी। साथ ही पौधारोपण के बाद उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए भी ग्रामीणों को प्रेरित किया जाएगा। खेतों की मेड़ों, सार्वजनिक स्थलों और उपलब्ध खाली भूमि पर पौधे लगाने की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श होगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि कोरिया जिले को शत-प्रतिशत प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। ग्राम सभाओं में एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी और इसके उपयोग को कम करने के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। उद्देश्य यह है कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी केवल प्रशासन तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
ग्राम सभाओं में जल संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष जोर रहेगा। तालाबों, कुओं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के साथ-साथ वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण के उपायों पर चर्चा की जाएगी, ताकि भविष्य में जल संकट की संभावनाओं को कम किया जा सके।
ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी ग्राम पंचायतों को वार्डवार मुनादी कर सूचना प्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में ग्राम सभाओं में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Related Articles

Back to top button