छत्तीसगढ़

एक्सपायरी पाउडर पीते ही नवजात की मौत

Newborn dies after consuming expired powder

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर पीने नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि, मेकाहारा चौक स्थित निजी मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर खरीदा था। बच्ची को पिलाते ही उसकी जान चली गई। मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत की गई है।

परिजनों का दावा है कि, जांच के दौरान डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर के डिब्बे पर एक्सपायरी डेट देखकर बताया कि, बच्ची की हालत एक्सपायरी मिल्क पाउडर पीने से तबीयत बिगड़ी है। इसके बाद परिजनों ने मेडिकल स्टोर पहुंचकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने हाथ से एक्सपायरी पाउडर छीनकर दूसरा डिब्बा दे दिया।

पुलिस के मुताबिक, चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त नहीं होने पर डॉक्टर ने मिल्क पाउडर खरीदने की सलाह दी। इसके बाद 30 जून को चंद्रशेखर ने मेकाहारा गेट के पास स्थित मेडिकल स्टोर मिल्क पाउडर का डिब्बा खरीदा।

आरोप है कि, दोनों बच्चियों में से एक को उसी मिल्क पाउडर से तैयार दूध पिलाया गया। 4 जुलाई को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। दो दिन तक इलाज के बाद नवजात बच्ची की मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि, मेडिकल स्टोर पहुंचने पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई, तो स्टोर संचालक और उनके कर्मचारियों ने उनके हाथ से एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा छीन लिया। उसकी जगह दूसरा डिब्बा दे दिया। इसके बाद परिजनों ने मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मेडिकल स्टोर को जारी किया नोटिस

इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया गया है। CMHO कार्यालय को मामले की जांच के लिए पत्र भेजा गया है। सभी पक्षों को नोटिस जारी कर बयान के लिए बुलाया गया है।

 

 

Related Articles

Back to top button