प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प को साकार करने विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में 25 सितंबर से रायपुर में “पदयात्रा सप्ताह”
A "Padayatra Week" (foot march week) will be held in Raipur starting September 25 under the leadership of MLA Purandar Mishra, to realize Prime Minister Narendra Modi's pledge of 25 years of service.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ, राज्यपाल रमेन डेका की गरिमामयी उपस्थिति में 2 अक्टूबर को होगा भव्य समापन
नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर आठ दिनों तक चलेगा जनजागरूकता अभियान
रायपुर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प को साकार करने तथा जनसेवा और जनजागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक “पदयात्रा सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। आठ दिनों तक चलने वाले इस अभियान में नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने जैसे विषयों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती 25 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाला यह अभियान सेवा, संकल्प और जनभागीदारी की भावना को समर्पित रहेगा।
27 वर्षों से पदयात्रा के माध्यम से जनजागरण का संकल्प
विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि पदयात्रा उनके लिए केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा और जनजागरण का निरंतर संकल्प है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने गृह ग्राम सराईपाली दुर्गापाली से पदयात्रा की शुरुआत की थी और पिछले 27 वर्षों से लगातार पदयात्रा के माध्यम से समाज में जनजागरूकता का संदेश पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से लोगों से सीधे संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना और समाजहित के विषयों पर जागरूकता पैदा करना उनके सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
26 वर्षों में 22,640 लोगों को नशामुक्ति के लिए किया प्रेरित
श्री पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण उनके लंबे जनजागरण अभियान का प्रमुख संकल्प रहा है। उनके अनुसार पिछले 26 वर्षों के दौरान लगातार चलाए गए जनजागरूकता प्रयासों के माध्यम से 22,640 लोगों को नशामुक्ति की दिशा में प्रेरित करने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज के भविष्य पर भी असर डालता है। इसलिए “पदयात्रा सप्ताह” के दौरान नशामुक्ति के संदेश को विशेष रूप से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे पदयात्रा का शुभारंभ
“पदयात्रा सप्ताह” का शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा, तेलीबांधा थाना चौक में माल्यार्पण के साथ होगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय जी, रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल जी, प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप जी, पूर्व राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पांडे जी, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा जी, पश्चिम विधायक श्री राजेश मूणत जी, रायपुर दक्षिण विधायक श्री सुनील सोनी जी, रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू जी, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष श्री रमेश ठाकुर जी, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे जी, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा श्रीमती विभा अवस्थी जी सहित निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्य, संगठन के कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, साधु-संत एवं युवा नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
माल्यार्पण के पश्चात विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में पदयात्रा प्रारंभ होगी। पदयात्रा तेलीबांधा होते हुए शहीद भगत सिंह चौक, गौरव पथ पहुंचेगी, जहां प्रथम दिवस का समापन होगा। इस दौरान रविग्राम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया जाएगा।
आठ दिनों तक अलग-अलग मार्गों से गुजरेगी पदयात्रा
25 सितंबर | दोपहर 3 बजे से
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा, तेलीबांधा थाना चौक से पदयात्रा प्रारंभ होगी। तेलीबांधा होते हुए शहीद भगत सिंह चौक, गौरव पथ में समापन होगा। रविग्राम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
26 सितंबर | दोपहर 3 बजे से
शहीद भगत सिंह चौक, गौरव पथ में माल्यार्पण कर पदयात्रा प्रारंभ होगी। डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के पश्चात पदयात्रा कलेक्टोरेट चौक पहुंचेगी, जहां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समापन होगा।
27 सितंबर | दोपहर 3 बजे से
कलेक्टोरेट चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पदयात्रा प्रारंभ होगी। इसके बाद शास्त्री चौक में शास्त्री जी की प्रतिमा और जयस्तंभ चौक में शहीद वीर नारायण सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए पदयात्रा शारदा चौक पहुंचेगी। यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समापन होगा।
28 सितंबर | दोपहर 3 बजे से
शारदा चौक से माल्यार्पण के पश्चात पदयात्रा प्रारंभ होगी। तात्यापारा चौक में खूबचंद बघेल जी की प्रतिमा तथा नवीन मार्केट में छत्रपति शिवाजी महाराज जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद पदयात्रा रामसागर पारा, राठौर चौक होते हुए गुरुनानक चौक पहुंचेगी। मार्ग में श्री हनुमान मंदिर में भी माल्यार्पण किया जाएगा।
29 सितंबर | दोपहर 3 बजे से
गुरुनानक चौक से पदयात्रा प्रारंभ होकर मौदहापारा होते हुए फाफाडीह पहुंचेगी, जहां इस दिवस की पदयात्रा का समापन होगा।
30 सितंबर | दोपहर 3 बजे से
फाफाडीह चौक से पदयात्रा प्रारंभ होकर सरदार वल्लभ भाई चौक (लाल चौक) पहुंचेगी। यहां सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समापन होगा।
1 अक्टूबर | दोपहर 3 बजे से
सरदार वल्लभ भाई चौक (लाल चौक) से पदयात्रा प्रारंभ होकर पंडरी पुराने बस स्टैंड पहुंचेगी। यहां मिनीमाता जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
2 अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज सभागार में भव्य समापन एवं सम्मान समारोह
“पदयात्रा सप्ताह” का भव्य समापन 2 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह जी, रायपुर के महापौर, प्रदेश के मंत्रीगण, विधायकगण, निगम-मंडल एवं आयोगों के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
समापन समारोह में आठ दिनों तक चले जनजागरूकता अभियान के दौरान नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए किए गए प्रयासों को रेखांकित किया जाएगा। पदयात्रा में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का सम्मान भी किया जाएगा।
जनभागीदारी से मजबूत होगा जनजागरूकता अभियान
विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों से “पदयात्रा सप्ताह” में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ही जनजागरूकता अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है। पदयात्रा के माध्यम से नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
श्री पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि 27 वर्षों की पदयात्रा की यात्रा और 26 वर्षों के नशामुक्ति जनजागरण के अनुभव को आगे बढ़ाते हुए यह “पदयात्रा सप्ताह” सेवा, संस्कार, स्वच्छता, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता के संकल्प को और व्यापक बनाने का माध्यम बनेगा।






