दिपावली के पावन पर्व पर मुस्लिम समाज ने दरगाह में रोशन किए चिराग; देश में भाईचारा कायम रखने और ‘विकसित भारत 2047’ की कामना की
On the auspicious occasion of Diwali, the Muslim community lit lamps at a Dargah, praying for the preservation of brotherhood in the country and for a 'Developed India 2047' (Viksit Bharat 2047).

रायपुर। दीपावली के पावन पर्व पर मुस्लिम समाज ने डॉ सलीम राज के नेतृत्व में साम्प्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। समाज के लोगों ने दरगाह हजरत सैयद बाबा र.अ. पुराना मंत्रालय के बाजू में सामूहिक रूप से चिराग (दीपक) रोशन कर देश में अमन, चैन और आपसी भाईचारा कायम रखने की दुआ मांगी। रोशनी के इस त्योहार को सभी वर्गों ने मिलकर मनाया, जो भारत की ‘अनेकता में एकता’ की संस्कृति को दर्शाता है।

इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन दीपावली के शुभ अवसर पर किया गया, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों और मुस्लिम समुदाय के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। दरगाह परिसर को चरागों की रोशनी से जगमगाया गया, जो इस बात का संदेश देता है कि त्योहार किसी एक मजहब के नहीं, बल्कि पूरे समाज को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम होते हैं।
‘विकसित भारत 2047′ का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सन् 2047 तक भारत को एक सशक्त, समृद्ध और ‘विकसित भारत’ बनाने की कल्पना और संकल्प को साझा किया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि देश तभी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकता है, जब सभी नागरिक आपसी भेदभाव भुलाकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा, “दीपावली का यह पर्व हमारे दिलों से नफरत के अंधेरे को दूर कर मोहब्बत का उजाला फैलाने का संदेश देता है। हजरत सैयद बाबा र.अ. की दरगाह पर चिराग जलाकर हमने यही मन्नत मांगी है कि हमारा देश हर क्षेत्र में तरक्की करे, भाईचारा मजबूत हो, देश में सामाजिक समरसता बने रहे और हम सब मिलकर सन् 2047 के विकसित भारत के सपने को साकार कर सकें।”
यह कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे गंगा-जमुनी तहजीब का एक बेहतरीन उदाहरण मान रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज, मदरसा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष युनुस कुरैशी, मोनिस रज़ा पटवा, वकील भारती, फिरोज मेमन, मज़ाहिर हुसैन, रेहाना खान, मिर्ज़ा मकबूल बेग, जमील कुरैशी के साथ मुस्लिम समाज के गणमान्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




