धान खरीदी 2025-26 : किसानों के आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती की नई पहचान
Paddy Procurement 2025-26: A New Sign of Farmers' Confidence and Economic Strength

शासन की बेहतर व्यवस्था से किसान पुरुषोत्तम लाल को मिला भरोसा और राहत
रायपुर । राज्य के सभी जिले में जारी धान खरीदी अभियान 2025-26 किसानों के लिए आत्मविश्वास, भरोसे और आर्थिक संबल का सशक्त आधार बनकर उभर रहा है। समर्थन मूल्य पर पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित धान खरीदी तथा कृषक उन्नति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिली है।
समर्थन मूल्य और उपार्जन सीमा से किसानों को सीधा लाभ
शासन द्वारा निर्धारित 3100 रुपये प्रति क्विंटल की समर्थन मूल्य दर एवं प्रति एकड़ 21 क्विंटल की उपार्जन सीमा के तहत की जा रही धान खरीदी से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। समयबद्ध भुगतान व्यवस्था ने किसानों की आर्थिक चिंताओं को काफी हद तक कम किया है।
किसान पुरुषोत्तम लाल का अनुभव : राहत और संतोष
विकासखण्ड सक्ती के ग्राम रेडा निवासी किसान पुरुषोत्तम लाल राठौर ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष धान उपार्जन केंद्र किरारी जिला सक्ती में कुल 137.20 क्विंटल धान का विक्रय किया है। बेहतर समर्थन मूल्य और समय पर भुगतान से उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली है, जिससे वे परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ आगामी फसल की तैयारी भी सहजता से कर पा रहे हैं।
उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्थाएं
किसान पुरुषोत्तम लाल ने कहा कि अब धान उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं पहले की तुलना में कहीं अधिक सुदृढ़ और किसान-हितैषी हो गई हैं। त्वरित तौल, पारदर्शी प्रक्रिया, भीड़-भाड़ से राहत तथा समय पर भुगतान जैसी सुविधाओं ने किसानों में संतोष और विश्वास का माहौल तैयार किया है।
मुख्यमंत्री के प्रति आभार
किसान पुरुषोत्तम लाल राठौर ने शासन द्वारा लागू की गई किसान-हितैषी नीतियों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन व्यवस्थाओं से किसान अब निश्चिंत होकर अपनी उपज का विक्रय कर पा रहे हैं और भविष्य के प्रति आशान्वित हैं।




