छत्तीसगढ़

सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़

Encounter between security forces and Naxalites

बीजापुर। जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के जंगल–पहाड़ी इलाकों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच शनिवार सुबह से मुठभेड़ जारी है। अब तक मुठभेड़ स्थल से दो पुरुष माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों ने मौके से एके-47 जैसे ग्रेडेड स्वचालित हथियार भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि माओवादियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी के डीवीसीएम दिलीप बेड़जा सहित अन्य सशस्त्र कैडरों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ के जवान पूरी बहादुरी और प्रतिबद्धता के साथ सशस्त्र माओवादियों के खिलाफ निर्णायक अभियान को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रारंभिक पहचान के आधार पर संकेत मिले हैं कि मारे गए माओवादी कैडरों में से एक नेशनल पार्क एरिया कमेटी का कुख्यात माओवादी डीवीसीएम दिलीप बेड़जा हो सकता है, जबकि दूसरे माओवादी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन फिलहाल जारी है।

Related Articles

Back to top button