रायपुर स्टेडियम चमक उठा, RCB की टीम के स्वागत में QR कोड से होगी एंट्री
Raipur Stadium lights up to welcome RCB team, entry through QR code

रायपुर। नया रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम 10 मई को होने वाले आरसीबी बनाम मुंबई इंडियंस के महामुकाबले के लिए पूरी तरह सज चुका है। लंबे समय बाद राजधानी लौट रहे आईपीएल के लिए इस बार स्टेडियम का नजारा बदला-बदला नजर आएगा।
रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इस वेन्यू को अपना होम ग्राउंड मानते हुए व्यवस्थाओं को विश्वस्तरीय बनाने एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं।
लाल मिट्टी की पिच को प्राथमिकता दी है
आरसीबी के पास वर्ल्ड क्लास बल्लेबाज हैं जो पेस और बाउंस पर खेलना पसंद करते हैं। उन्होंने अपनी ताकत के अनुसार लाल मिट्टी की पिच को प्राथमिकता दी है। रात में लाइट शो किया जाएगा। इसके अलावा बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए नीचे स्टैंड में बैठने वाले दर्शकों के लिए फव्वारे की व्यवस्था की गई है।
40 कार्पोरेट बॉक्स में दिखेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति
इस बार का आईपीएल मैच केवल खेल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक कला और परंपरा का वैश्विक मंच बनेगा। स्टेडियम के 40 कार्पोरेट बाक्स को छत्तीसगढ़ी थीम पर सजाया जा रहा है। 120 से अधिक देशों में होने वाले सीधे प्रसारण के जरिये दुनिया प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान से रूबरू होगी।
वहीं स्टेडियम की दीवारों पर विराट कोहली सहित आरसीबी के स्टार खिलाड़ियों की आकर्षक पेंटिंग फैंस का उत्साह बढ़ा रही हैं।
बाउंड्री साइज घटाकर 90 यार्ड से किया 71-75 यार्ड
पिच क्यूरेटर शमीम मिर्जा के अनुसार मैच के लिए लाल मिट्टी की नई पिच तैयार की गई है। यह पिच बल्लेबाजों के लिए खास साबित होगी, जहां आसानी से 200 का स्कोर बन सकता है। दर्शकों के रोमांच को दोगुना करने के लिए बाउंड्री का साइज भी 90 यार्ड से घटाकर 71-75 यार्ड कर दिया है, जिससे इस बार चौकों-छक्कों की झड़ी लगना तय है।
डिजिटल एंट्री: क्यूआर कोड से मिलेगा प्रवेश
दर्शकों को मोबाइल पर मिले क्यूआर कोड को स्कैन कर एंट्री मिलेगी। डिजिटल प्रक्रिया को सुगम बनाने स्टेडियम में नेटवर्क की विशेष व्यवस्था की गई है। बिना वैलिड आईडी कार्ड और डिजिटल टिकट के प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
डिजिटल टिकटिंग में नेटवर्क की समस्या न हो इसके लिए जिओ की तरफ से तीन टावर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा फ्री वाई-फाई की सुविधा रहेगी।
रोहित और हार्दिक सहित टीम पहुंची, आरसीबी टीम नौ को आएगी
मुंबई इंडियंस की टीम अपने इरादे साफ कर चुकी है। रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या समेत पूरी टीम बुधवार शाम राजधानी पहुंच चुकी है। टीम मैच से पहले लगातार तीन दिन मैदान पर पसीना बहाएगी। दूसरी ओर आरसीबी की टीम नौ मई को पहुंचेगी और उसी शाम अभ्यास करेगी। 11 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स का आगमन होगा।




