छत्तीसगढ़

अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकी ‘RJ बस्तर’, कान्स में मिली बड़ी सफलता

‘RJ Bastar’ shines on the international stage, gets huge success in Cannes

रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘RJ बस्तर’ ने 79वें कान्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में खास पहचान बनाई है। कान्स में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग हुई। इस दौरान दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ इसका स्वागत किया। भावुक कहानी और मजबूत मैसेज के कारण फिल्म को खूब पसंद किया।

फिल्म का निर्देशन मनीष माणिकपुरी ने किया है, जबकि इसे पीकेएस प्रोडक्शन के बैनर तले पवन कुमार सिंह ने प्रोड्यूस किया है। पंचायत फेम चंदन रॉय मुख्य भूमिका में है।

फिल्म बस्तर की एक आदिवासी लड़की की कहानी दिखाती है, जो मुश्किल हालात और साधनों की कमी के बावजूद रेडियो जॉकी बनने का सपना देखती है। कहानी में संघर्ष, हिम्मत और सपनों को पूरा करने की जिद को बेहद सरल और असरदार तरीके से दिखाया गया है।

एक्टर चंदन रॉय ने कहा कि बेहद खुशी हो रही कि हमारी फिल्म RJ बस्तर कान्स में प्रदर्शित हो रही है। ये फिल्म छत्तीसगढ़ी में बनी है। जल्द ही फिल्म आप लोगों के बीच होगी। ये फिल्म जरूर आपका दिल जीतने में कामयाब होगी।

कान्स फिल्म फेस्टिवल में मौजूद दर्शकों और सिनेमा प्रेमियों ने फिल्म की जमकर तारीफ की। खासकर गांव और आदिवासी जीवन के सच्चे चित्रण को लोगों ने काफी पसंद किया।

फिल्म को भारत के दूरदराज इलाकों की अनसुनी कहानियों को दुनिया के सामने लाने वाला सच्चा आईना बताया गया।

फिल्म में ‘पंचायत’ वेब सीरीज से लोकप्रिय हुए चंदन रॉय मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। उनके साथ चित्राशी रावत, नेहा साहू, हर्ष राजपूत, संजय महानंद, सुनील तिवारी, पुष्पेंद्र सिंह, पवन कुमार गुप्ता, संगीता निषाद, आरती नागरे, अनुनेय शर्मा और आशीष झा ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं।

फिल्म के गानों को शान, कृष्णा बेओरा और अनुराग शर्मा ने आवाज दी है।

‘आरजे बस्तर’ को एक ऐसी फिल्म माना जा रहा है, जो गांव और आदिवासी युवाओं के सपनों और संघर्ष की आवाज बनकर सामने आई है। कान्स में मिली तारीफ के बाद अब फिल्म की रिलीज से पहले दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ गया है।

कान्स फिल्म फेस्टिवल (Cannes Film Festival) में किसी फिल्म की ‘स्पेशल स्क्रीनिंग’ का मतलब होता है कि उस फिल्म को फेस्टिवल के चयनित कार्यक्रम में ऑफिशियल तौर पर दिखाया जा रहा है, लेकिन वह मेन कॉम्पिटिशन में अवॉर्ड के लिए नहीं होती।

यह एक तरह का प्रतिष्ठित प्रदर्शन मंच है, जहां दुनिया भर के फिल्म क्रिटिक्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स, प्रोड्यूसर्स, ओटीटी प्लेटफॉर्म और मीडिया मौजूद रहते हैं।

Related Articles

Back to top button