छत्तीसगढ़

लिवर कैंसर को मात देकर बस्तर के नितेश कश्यप को मिला नया जीवन

Nitesh Kashyap from Bastar gets a new lease of life after defeating liver cancer.

आयुष्मान भारत योजना बना हितग्राही का संबल

रायपुर । बस्तर जिले के तोकापाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम करंजी निवासी 27 वर्षीय नितेश कश्यप के लिए शासन की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जीवनदायिनी साबित हुई है। लंबे समय से पेट दर्द की असहनीय पीड़ा झेल रहे नितेश जब अपने गांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे, तो वहां प्राथमिक उपचार और दवाएं दी गईं। हालांकि, दवाइयों से राहत न मिलने पर जब वे दोबारा पहुंचे, तो केंद्र में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर प्रीति बघेल ने मामले की गंभीरता को समझा और त्वरित निर्णय लेते हुए उन्हें तुरंत महारानी जिला अस्पताल जगदलपुर के लिए रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा खून की जांच, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी विस्तृत एवं आधुनिक जांचें कराई गईं, जिनमें नितेश के लिवर कैंसर से ग्रसित होने की पुष्टि हुई। इस गंभीर बीमारी की खबर से सहमे परिवार को डॉक्टरों ने ढांढस बंधाया और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपलब्ध निःशुल्क उपचार का सहारा लेने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद योजना के तहत मिले 5 लाख रुपये तक के कैशलेस सुरक्षा कवच के माध्यम से बिना किसी आर्थिक बाधा के उनका जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।

सफल उपचार के बाद पूर्णतः स्वस्थ हो चुके नितेश ने भावुक होते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने उन्हें वास्तव में एक नई जिंदगी दी है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे इस जनहितैषी योजना का लाभ जरूर उठाएं। साथ ही उन्होंने त्वरित परामर्श देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों, उपचार करने वाले चिकित्सकों और सरकार के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त किया। सही समय पर स्वास्थ्य अमले के मार्गदर्शन और योजना के वित्तीय संबल ने एक बार फिर यह साबित किया है कि आयुष्मान भारत आम नागरिक के लिए एक सशक्त सुरक्षा ढाल बन चुका है।

Related Articles

Back to top button