छत्तीसगढ़

रायपुर में नीट छात्र ने आत्महत्या की

NEET student commits suicide in Raipur

रायपुर। राजधानी के भांठागांव स्थित अवधपुरी कालोनी में रविवार को नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र ने मकान की दूसरी मंजिल से गले में जीआइ तार (लोहे का तार) बांधकर छलांग लगा दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के रहने वाले पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है। प्रारंभिक जांच में छात्र के मानसिक दबाव में होने की बात सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुष्पेंद्र पिछले तीन वर्षों से रायपुर में किराए के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहा था। उसका परिवार पहले रायगढ़ में रहता था, जबकि वर्तमान में सारंगगढ़ क्षेत्र के बरसकोल मालदा गांव में निवास कर रहा है।

छात्र के पिता करुणा सागर पटेल किसान हैं। जानकारी के मुताबिक छात्र ने कमरे में जीआइ तार गले में बांधा और मकान की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की जानकारी मृतक के स्वजन को दी गई। पुलिस आसपास के लोगों और मकान मालिक से पूछताछ कर रही है, जिससे घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को लेकर पिछले कुछ समय से मानसिक दबाव में था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button