छत्तीसगढ़

बिस्मिल की महफिल’ कार्यक्रम के बाद बवाल

Chaos after Bismil's 'Mehfil' programme

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब ‘बिस्मिल की महफिल’ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घर लौट रहे युवकों के बीच कारों की टक्कर को लेकर विवाद हो गया। मामूली दुर्घटना ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और सड़क पर जमकर हंगामा शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में युवक अलग-अलग वाहनों से लौट रहे थे। इसी दौरान दो कारों की आपस में टक्कर हो गई। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते आसपास मौजूद अन्य युवक भी विवाद में शामिल हो गए, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हंगामा बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल और डीसीपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

पुलिस ने सड़क पर उपद्रव कर रहे कई युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि कुछ युवक मौके से फरार हो गए।हिरासत में लिए गए युवकों को जब तेलीबांधा थाना लाया गया तो वहां भी उन्होंने हंगामा किया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार युवकों की पहचान करने में जुटी है। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button